चंडीगढ़ । हरियाणा सरकार ने वर्ष 2020-21 के पेराई सत्र के लिए गन्ने की दर 10 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर 350 रुपए प्रति क्विंटल करने का फैसला किया है। एक सरकारी बयान में यहां यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार यह कीमत देश में सबसे अधिक है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने इस संबंध में एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। बताया गया है कि गन्ने की दर में बढ़ोतरी से हरियाणा के किसानों को फायदा होगा। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2018-19 और वर्ष 2019-20 सत्र की तर्ज पर चालू पेराई सत्र 2020-21 के लिए गन्ना किसानों को सब्सिडी प्रदान करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी है। वर्ष 2018-19 पेराई सत्र के लिए 81.37 करोड़ रुपए और मई 2020 तक 2019-20 के लिए 124.14 करोड़ रुपए से अधिक राशि, राज्य की विभिन्न चीनी मिलों को सब्सिडी प्रदान की गई।













