शिमला। हिमाचल प्रदेश के पहाड़ तपने से गर्मी से पूरा प्रदेश झुलस रहा है। हालाकि शिमला में मौसम सुहाना है। ऊना जिले में तो पारा 42 डिग्री पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 11 जून से हिमाचल में प्री-मॉनसून की फुहारें पड़ेंगी। एक दिन के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। शिमला मौसम विज्ञान केंद्र अनुसार, हिमाचल प्रदेश में मैदानी और निचले भागों में 11 जून तक मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं, मध्य पर्वतीय भागों में 9 को छोड़कर लगातार 14 जून तक बारिश-अंधड़ चलने के आसार हैं। उच्च पर्वतीय भागों में 10 जून तक मौसम साफ रहेगा और 11 से 14 जून तक बारिश-हल्की बर्फबारी का पूर्वानुमान है। प्रदेश के मैदानी व मध्य पर्वतीय कुछ भागों में 14 जून को अंधड़ का अलर्ट है। मैदानी जिलों के साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी बढ़ना शुरू हो गई है।
प्रदेश में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी के साथ न्यूनतम तापमान में भी उछाल आया है। ऊना में न्यूनतम तापमान 28.0, कांगड़ा में 25.5, बिलासपुर में 25.0, हमीरपुर में 25.4, मंडी में 23.0, चंबा में 21, डलहौजी में 17.9, सोलन में 20, धर्मशाला में 25.3, शिमला में 18.9, कल्पा 11, केलांग 10.8, नाहन 25.1 और भुंतर 20.8 में डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।
जून की गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में सामान्य से 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 42 डिग्री पहुंच गया है। 27 मई को ऊना में इस सीजन का सबसे अधिक पारा 42.7 डिग्री दर्ज हुआ था। 12 जून से खराब होने जा रहे मौसम को प्री मानसून की बौछारें माना जा रहा है।