बिहार विधानसभा चुनाव l 2020 संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें रिजल्ट पर है। 10 को चुनाव परिणाम आने हैं। इससे पहले राजद नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव का जन्म दिन है। पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव और राबड़ी देवी के लाल तेजस्वी को हालांकि एग्जिट पोल ने संभावित मुख्यंत्री बताकर पहले ही बर्थडे गिफ्ट दे दिया है लेकिन हकीकत में क्या कल मिलेगा ऐतिहासिक बर्थडे गिफ्ट इसके लिए अब एक दिन का इंतजार और करना पंड़ेगा। क्रिकेट से करियर की शुरूआत करने वाले तेजस्वी ने घर में ही राजनीति का ककाहारा सीखा और फिर क्रिकेट से नाता तोड़कर उन्होंने अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभाला। हालांकि राजनीति के मैदान में लालू के दोनों लाल उतरे हुए हैं। लेकिन विरासत की अगुवाई का जिम्मा तेजस्वी के हवाले है। बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में पिता की कमी के बीच उन्होंने अकेले ही राजद की कमान संभाली और एग्जिट पोल के मुताबिक पार्टी को बड़ी सफलता दिलाई। बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर जारी एग्जिट पोल नतीजों में तब्दील होते हैं तो तेजस्वी को बर्थडे का यादगार, शानदार और ऐतिहासिक तोहफा मिलेगा। दरअसल तेजस्वी अगर बिहार के मुख्यमंत्री बनते हैं तो फिर वे अबतक किसी भी राज्य के सबसे युवा मुख्यमंत्री बनकर देश में इतिहास बनाएंगे। 9 नवंबर, 1989 को जन्मे तेजस्वी यादव आज 31 साल के हो जाएंगे। एग्जिट पोल के मुताबिक तेजस्वी अगर सीएम बनते हैं तो वे पूरे देश में किसी भी राज्य के सबसे कम उम्र 31 साल के मुख्यमंत्री बन जाएंगे। हालांकि, इससे पहले एमओएच फारुक 29 साल की उम्र में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री बने थे, लेकिन पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश है। इससे पहले 1968 में बिहार में मुख्यमंत्री बने सतीश प्रसाद सिंह 32 साल की उम्र में सीएम बने थे। ऐसे में 31 साल की उम्र में सीएम बन तेजस्वी इतिहास रचेंगे।














