नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण के मामले जहां कम हो रहे हैं। वहीं इससे चलते हो रही मौतों ने चिंता बढ़ा दी है। महामारी के चलते देश में मौतों का आंकड़ा तीन लाख तक पहुंचने के करीब है। वहीं अमेरिका में कोरोना महामारी से तीन लाख मौतें सिर्फ दस महीनों में ही हो गई थीं। जबकि ब्राजील में संक्रमण से तीन लाख मौतें होने में करीब 12 महीने लगे। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से देश में रोजाना चार हजार के करीब मौतें हो रही हैं। पिछले 24 घंटे में एक बार फिर 4,194 लोगों की मौत हुई। इसके साथ ही शनिवार रात तक मृतकों का आंकड़ा 2,98,867 पहुंच गया है। वहीं देश में कोरोना वायरस से होने वाली मृत्यु दर 1.12 प्रतिशत है। देश में जिन 4,194 और लोगों की मौत हुई है, उनमें से 1,263 की महाराष्ट्र, 467 की तमिलनाडु, 353 की कर्नाटक, 252 की दिल्ली, 172-172 की उत्तर प्रदेश और पंजाब, 159 की पश्चिम बंगाल, 142 की केरल, 129 की राजस्थान, 116 की उत्तराखंड, 112 की हरियाणा, 104 की आंध्र प्रदेश तथा 96 लोगों की मौत छत्तीसगढ़ में हुई। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के एक दिन में 2.57 लाख नए मामले आए हैं। इसी के साथ संक्रमण के रोज आने वाले मामले लगातार छठे दिन तीन लाख से नीचे रहे। नए मामलों के साथ ही देश में कोविड-19 के कुल मामले बढ़कर 2,62,89,290 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि भारत ने एक दिन में सर्वाधिक कोरोना जांच का नया कीर्तिमान बनाया है। पिछले 24 घंटे में सर्वाधिक 20.66 लाख नमूनों की जांच की गई। मंत्रालय ने बताया कि लगातार चौथे दिन 20 लाख से ज्यादा नमूनों की जांच हुई। कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान के तहत देश में शनिवार तक टीके की 19.33 करोड़ खुराकें दी गई हैं। इनमें 97,38,148 स्वास्थ्यकर्मियों को पहली खुराक और 66,91,350 को दूसरी खुराक दी गयी है। अग्रिम मोर्चे के 1,48,70,081 कर्मियों को पहली खुराक और 83,06,020 को दूसरी खुराक दी गयी है। वहीं 18-44 उम्र समूह में 92,97,532 लोगों को पहली खुराक दी गयी। मंत्रालय ने कहा कि 45-60 उम्र समूह में 6,02,11,957 लोगों को पहली खुराक और 96,84,295 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी। वरिष्ठ नागरिकों में 5,63,83,760 को कोविड-19 रोधी टीके के पहली खुराक और 1,81,89,676 को दूसरी खुराक दी गई।

Previous articleरेलवे ने दिल्ली से बंगाल व ओडिशा की 15 ट्रेनें रद्द की
Next article24 मई 2021

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here