मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी का लंबी बीमारी के बाद यहां एक निजी अस्पताल में रविवार को निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। यह जानकारी मध्यप्रदेश के पूर्व मंत्री एवं उनके बेटे दीपक जोशी ने दी। उन्होंने कहा, “मेरे पिताजी का निजी अस्पताल में आज सुबह निधन हो गया।” कैलाश जोशी का जन्म 14 जुलाई 1929 को हुआ था। वह 1977-1978 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।
जोशी जी का अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में किया जायेगा…
उन्होंने मध्यप्रदेश में जनसंघ एवं भाजपा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। उनके परिवार में तीन बेटे एवं तीन बेटियां हैं। उनकी पत्नी का निधन कुछ महीने पहले ही हुआ है। जोशी मध्यप्रदेश विधानसभा में आठ बार विधायक रहे। वह राज्यसभा एवं लोकसभा के सदस्य भी रहे। उनका अंतिम संस्कार मध्यप्रदेश के देवास जिले में उनके गृह नगर हाटपिपल्या में सोमवार को किया जाएगा।
जनसंघ के संस्थापक सदस्य भी रहे…
कैलाश जोशी भोपाल से सांसद भी रहे हैं। उनके बेटे दीपक जोशी प्रदेश भाजपा सरकार में मंत्री रह चुके हैं। कैलाश जोशी जन्म 14 जुलाई 1929 देवास जिले की हाटपिपल्या तहसील में हुआ था। वे 1951 में स्थापित जनसंघ के संस्थापक सदस्य भी रहे। इसके बाद उन्होंने 1954 से 1960 तक देवास जिले में जनसंघ के मंत्री के तौर पर काम किया।
19 माह तक मीसा में नजरबंद रहे जोशी
1955 में कैलाश जोशी हाटपीपल्या नगरपालिका के अध्यक्ष चुने गए। 1962 से लगातार सात बार बागली क्षेत्र से विधान सभा के सदस्य चुने गए। कैलाश जोशी 1972 से 1977 तक मध्यप्रदेश में नेता प्रतिपक्ष रहे थे। आपातकाल के समय में एक माह भूमिगत रहने के बाद दिनांक 28 जुलाई, 1975 को विधान सभा के द्वार पर गिरफ्तार होकर 19 माह तक मीसा में नजरबंद रहे। 24 जून, 1977 को कैलाश जोशी मध्यप्रदेश के इतिहास में पहले गैर कांग्रेसी मुख्यमंत्री हुए। हालांकि 1978 में अस्वस्थता के कारण उन्होंने मुख्यमंत्री पद त्याग दिया था।