देश आज पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली की 67वीं जयंती पर उन्हें याद कर रहा है। दिग्गज राजनेता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जाने माने रणनीतिकार रहे अरुण जेटली का 24 अगस्त 2019 को देहांत हो गया था। वे देश के केंद्रीय वित्त मंत्री के साथ ही रक्षा मंत्री भी रह चुके थे। एक परिपक्व राजनेता और वकील होने के साथ ही जेटली का क्रिकेट से गहरा लगाव था। वे भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष के पद पर भी रहे थे।
DDCA के अध्यक्ष रहे जेटली..
जेटली काफी समय तक दिल्ली जिला क्रिकेट संघ (DDCA) के अध्यक्ष रहे और सियासत से जुड़े रहते हुए भी उनका क्रिकेट जगत से गहरा संबंध रहा। जब भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में चुनाव का उल्लेख होता था तब जेटली की भी चर्चा अवश्य होती थी। उनके देश के कई क्रिकेट एसोसिएशन पर गहरा राजनैतिक प्रभाव रहा।
स्टेडियम का नाम अब अरुण जेटली स्टेडियम
बता दें कि जेटली का देहांत 66 साल के उम्र में हुआ था। जेटली निरंतर 13 वर्षों तक डीडीसीए के अध्यक्ष रहे थे। वे 1999 से लेकर 2012 तक डीडीसीए के अध्यक्ष पद पर रहे। उनके कार्यकाल में दिल्ली क्रिकेट को एक विश्व स्तरीय क्रिकेट स्टेडियम, फिरोजशाह कोटला के नवीकरण जैसी सुविधाएं प्राप्त हुई थी। उनके इसी योगदान को देखते हुए इस स्टेडियम का नाम अब अरुण जेटली स्टेडियम रख दिया गया है।