जनता के विश्वास और भगवान के आर्शीवाद से दिल्ली में आम आदमी पार्टी ने जोरदार वापसी की है। 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज कर केजरीवाल तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। वहीं, कांग्रेस एक बार फिर दिल्ली में अपना खाता नहीं खोल पाई। इसे लेकर कांग्रेस में अंदरुनी कलह शुरू हो गई है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर अब उनके नेता ही सवाल उठाने लगे हैं। दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शर्मिष्ठा मुखर्जी ने तो प्रदेश कांग्रेस कमेटी को ही बंद करने की मांग कर दी है।
शर्मिष्ठा मुखर्जी ने किया ट्वीट
इस मामले को लेकर पूर्व केंद्रीय मंत्री पी. चिदंबरम के बयान पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने ट्वीट कर जवाब दिया। लिखा, ‘सर, बस मैं इतना जानना चाहती हूं कि क्या कांग्रेस पार्टी भाजपा को राज्यों में हराने के लिए क्षेत्रिय पार्टियों को आउटसोर्स कर रही है? अगर नहीं तो आप आम आदमी पार्टी की जीत पर गर्व क्यों कर रहे हैं? और अगर ऐसा है तो हमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी को बंद कर देना चाहिए।
विपक्ष का हौसला बढ़ाने वाला परिणाम
बता दें कि, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत को विपक्ष का हौसला बढ़ाने वाला परिणाम करार दिया है। उन्होंने ट्वीट किया कि अगर मतदाता उन राज्यों के विचारों का प्रतिनिधित्व करते हैं जहां से वे आए थे, तो दिल्ली का मत विपक्ष के विश्वास बढ़ाने वाला है कि भाजपा को हर राज्य में हराया जा सकता है। दिल्ली का वोट राज्य विशेष के वोट की तुलना में अखिल भारतीय वोट है क्योंकि दिल्ली एक मिनी इंडिया है। चिदंबरम ने कहा कि याद कीजिए, जब दिल्ली में मतदान हुआ था तब लाखों मलयाली, तमिल, तेलुगु, बंगाली, गुजराती और भारत के अन्य राज्यों से आए लोगों ने मतदान किया था।