निजामुद्दीन तब्लीगी मरकज ने दिल्ली में हजारों लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। मरकज से निकाले गए जमातियों में अभी तब 329 लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। ऐसे में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम और दिल्ली फायर सर्विस के कर्मचारियों ने निजामुद्दीन इलाके में सेनीटाइज का काम शुरू कर दिया है। मरकज के पास के इलाकों में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम ने मंगलवार को सेनीटाइज किया। इस दौरान दमकल विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।
निजामुद्दीन इलाके में तब्लीगी मरकज में कोरोना के मरीज पाए जाने के बाद दक्षिणी दिल्ली नगर निगम का आसपास के इलाके में सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। दिल्ली सरकार और नगर निगम के साथ अर्धसैनिक बलों की टीम संयुक्त रूप से यह कार्य कर रही थी। तीन दिन के सर्वे में करीब दो हजार घरों का सर्वे किया गया। राहत की बात है कि इन घरों में रहने वाले लोगों में किसी को कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए।
निगम के अनुसार सोमवार को भी निजामुद्दीन बस्ती के 893 घरों का सर्वे किया गया। इसमें 6800 लोगों की जानकारी निगम जुटाई। साथ ही लोगों से यह जानकारी ली कि परिवार में किसी को कोरोना के लक्षण तो नहीं हैं। इसमें सभी लोगों ने लक्षण होने से इन्कार किया है। इससे पहले शनिवार और रविवार को निजाम नगर, दिलदार नगर, खुशरु नगर में घर-घर जाकर एहतियातन सर्वे किया था। निगम की टीम को रविवार को कई परिवारों ने सहयोग नहीं दिया था। इसके बाद सोमवार को नगर निगम की टीम ने स्थानीय आरडब्ल्यूए के साथ मोहल्ले के प्रधानों की मदद से सर्वे का कार्य किया।vvv