मदरलैंड संवाददाता, गोपालगंज
गोपालगंज। गंडक नदी में यात्रियों से भरी नाव पानी में डूब गई। इस नाव पर 8 लोग सवार थे। जिसमे 5 लोगों ने तैर कर अपनी जान बचा ली है। वहीं, तीन लोग लपता बताए जा रहे हैं। लापता यात्रियों में 20 वर्षीय अरुण कुमार , 16 वर्षीय प्रियंका और 10 वर्षीय गुड़िया का नाम शामिल है। तीनों लापता पतहरा गांव के ही रहने वाले हैं। इनकी तलाश की जा रही है। नाव हादसा सुबह करीब 10 बजे का हुआ है। इस भीषण हादसे का कारण गंडक नदी में तेज बहाव और नाव में यात्रियों का अधिक होना बताया जा रहा है। इससे नाव का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पानी में डूब गई। वहीं, नाव हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी दल बल के साथ मौके पर पहुंच गई है। जादोपुर थानाध्यक्ष दिनेश यादव के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। इस मामले में सदर सीओ विजय कुमार सिंह ने कहा कि जादोपुर के पतहरा में नाव हादसा हुआ है। हादसे के दौरान नाव पर कुल 8 लोग सवार थे। सभी लोग नदी की दूसरी तरफ तरबूज लेने जा रहे थे। नदी की दूसरी तरफ जैसे ही नाव किनारे पर पहुंची तो वह अनियंत्रित होकर डूब गई।सदर सीओ ने मृतक के परिजनों को 4- 4 लाख मुआवजा देने की बात कही है। वही थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि नाव के डूबते ही उसपर सवार 8 लोग भी नदी में डूब गए। हालांकि, 5 लोग तैरकर किसी तरह नदी से बाहर निकल गए और अपनी जान बचा ली। इस हादसे में अरुण कुमार, प्रियंका और गुड़िया लापता बताए जा रहे हैं। इनकी तलाश की जा रही है। वहीं, मुजफ्फरपुर से एनडीआरएफ की टीम रवाना हो गई है। अभी स्थानीय गोदाखोर की मदद से तीनों की तालाश की जा रही है। कई ग्रामीण भी नदी में तैर कर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे है।