मदरलैंड संवाददाता,
अररिया – अररिया नगर थाना क्षेत्र के बोची वार्ड संख्या चार का रहने वाले कोर्ट के मुंशी मुकेश शर्मा की हत्या मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है। घटना में शामिल हत्यारे को भी पुलिस ने दबोच लिया है। उसकी गिरफ्तारी रामपुरकोदरकट्टी वार्ड 4 से काम करने के दौरान की गई है। दबोचा गया हत्यारा नामजद अभियुक्त अखिलेश शर्मा मृतक का चचेरा भाई ही बताया जा रहा है। अभियुक्त ने हत्या करने की बात भी पुलिस के समक्ष स्वीकार कर लिया है। वहीं घटना के दिन पुलिस ने हत्या में प्रयोग की गई लोहे का सावल भी बरामद कर लिया था। जरुरी कार्रवाई के बाद पुलिस उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। डीएसपी पुष्कर कुमार के समक्ष हत्यारे ने खुलासा किया कि मुंशी मुकेश शर्मा ने उसकी पत्नी से अवैध संबंध बना रखा था। इस बात को लेकर पूर्व में कई बार पंचायत भी हुई थी। पंचायत में संबंध विच्छेद करने की बात भी मुकेश ने स्वीकार किया था। लेकिन पंचायत के कुछ दिन के बाद उसके आदतों में सुधार नहीं हुआ। हत्यारे ने यह भी खुलासा किया कि जब वह अवैध संबंध का विरोध करता था तो उसके साथ मारपीट किया जाता था। जिसके कारण वह पूर्व में वह कई बार मुकेश को धमकी भी दिया था। हत्यारे ने खुलासा किया कि घटना के दिन दोनों भाईयों ने शराब पी। इसके बाद दोनों साथ ही घर आने लगे। घर आने के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद होने पर मुकेश के सिर पर वार कर दिया। हत्यारे खुलासा किया कि वह उसके सिर पर तीन से चार प्रहार किया। लोहे के प्रहार से वह नीचे गिर पड़ा। इसके बाद वह घर चला गया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी मंजू देवी ने चार लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। जिसमें अखिलेश शर्मा के साथ उसकी पत्नी रुबी देवी, भोला शर्मा और लखनलाल शर्मा शामिल है। डीएसपी ने बताया कि तीन अन्य नामजद अभियुक्तों के बारे में अनुसंधान चल रहा है। अनुसंधान में यदि अन्य नामजद भी दोषी पाए जाते हैं तो उसके विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।