मदरलैंड संवाददाता,
अररिया-कोरोना संक्रमण ने न केवल जिले में दस्तक भर दी है, बल्कि पॉजिटिव केस का ग्राफ उपर की ओर जा रहा है। आलम ये है कि पिछले दो दिनों में कुल मिलाकर नौ नए पॉजिटिव केस की पुष्टि हो चुकी है।
वहीं जिले में संक्रमण के बढ़ते मामलों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। वैसे राहत की एक बात ये है कि पूर्व में मिले सभी पांच कोविड मरीजों की रिकवरी हो चुकी है। फिलहाल जिले में कोरोना के कुल नौ ही एक्टिव केस हैं। इस सिलसिले की एक अहम बात ये है कि पिछले दो दिनों में जिन नौ व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है वे सभी अलग अलग क्वारंटाइन सेंटरों में रह रहे थे। ये सभी हाल ही में अलग अलग प्रदेशों से आए थे। खबर है कि मंगलवार को जिन तीन व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि की रिपोर्ट आई उन में एक व्यक्ति हाल ही में नेपाल से लौटा था। गौरतलब है कि सोमवार को जिन छह व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उन में दो तीन व्यक्ति भरगामा, दो सिकटी और एक रानीगंज का है। जबकि मंगलवार को फारबिसगंज में दो और सिकटी में एक पॉजिटिव केस मिला है।
बताया जाता है कि ये सभी नौ व्यक्ति अलग अलग प्रखंड क्वारन्टीन सेंटरों में रखे गए थे। वहीं विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक जो नौ व्यक्ति पॉजिटिव मिले हैं उनमें तीन प्रवासी लुधियाना सहित पंजाब के अलग अलग शहरों से आए थे। जबकि दो हैदराबाद, दो हरियाणा, एक मुंबई और एक पड़ोसी देश नेपाल से आया था। इस सिलसिले में इसका जिक्र भी जरूरी है कि जिले में कोरोना का पहला केस 10 मई को सामने आया था। बक्सर से लौटे एक पुलिस कांस्टेबल पॉजिटिव मिला था। एहतियात के तौर पर बक्सर से जिला वापसी के साथ ही प्रशासन ने उसे क्वारन्टीन कर दिया था। उसके बाद कि दिनों में तीन और पॉजिटिव मामले सामने आए। संक्रमितों में एक प्रवासी श्रमिक रानीगंज का था। वह पटना होते हुए गया से लौटा था। जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक जिला लौटने के बाद घर जाने के बजाए वो खुद से जांच कराने पहुंच गया था। क्वारन्टीन सेंटर में रखने के बाद करवाई गई जांच में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इसी प्रकार बेगूसराय से लौटने वाले सरकारी विभाग के एक चतुर्थवर्गीय कर्मचारी भी पॉजिटिव पाया गया था। वो भी क्वारन्टीन में था। वहीं एक अन्य पुलिस जवान में भी संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
यही नहीं बल्कि सूचना मिलने असम से मुंबई जाने वाले दो व्यक्तियों को जिला में ही रोक कर आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया था। प्रशासन को सूचना मिली थी कि ये दोनों व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव हैं, पर बाद में आधिकारिक सूचना मिली कि केवल एक व्यक्ति ही पॉजिटिव है। खबर मिलते ही निगेटिव व्यक्ति को जिला प्रशासन ने इसोलशन सेंटर से हटा दिया था। सुकून देने वाली बात ये रही आइसोलेशन सेंटर में एक निर्धारित अवधि के बाद कराई गई जांच में एक के बाद एक सभी पांच व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आई। उसके बाद उन सबों को बारी बारी से डिस्चार्ज कर दिया गया। अब फिलहाल की स्थिति ये है कि जिले में एक्टिव केस का आंकड़ा नौ हो गया है। तीन केस भरगामा, तीन सिकटी, दो फारबिसगंज और एक केस रानीगंज का है। मिली जानकारी के मुताबिक अब तक जिला प्रशासन द्वारा 714 सैंपल की जांच कराई जा चुकी है।