नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने वीडियो संदेश जारी कर कहा है कि हाथरस की ‘निर्भया’ की मृत्यु नहीं हुई है, उसे मारा गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि क्या इस देश में बेटी होना गुनाह है? कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश के करोड़ों लोग गुस्से में हैं। यह घटना देश के लिए एक कलंक की तरह है।
उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इतने दिनों से क्या कर रही थी। लड़की को उचित इलाज नहीं दिया गया, मामले को दबाने का प्रयास किया गया जिसका परिणाम है कि एक बेटी हमारे बीच से चली गयी। जब वो जिंदा थी तब उसकी सुनवाई नहीं हुई। मरने के बाद भी उसे अपने परिवार की मिट्टी नहीं मिल पायी। सोनिया गांधी ने हिंदु धर्म का उदाहरण देते हुए कहा कि मरने के बाद इंसान की गरिमा होती है जिसका पालन नहीं किया गया। अंत में उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि क्या आप चाहते हैं कि आप कुछ भी कर लेंगे देश चुप रह जाएगा? हम ऐसा नहीं होने देंगे। हम भाजपा को देश और संविधान को तोड़ने नहीं देंगे।