नई दिल्ली। महाराष्ट्र के बाद अब कर्नाटक और केरल में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कर्नाटक में गुरुवार को 10,070 नए मामले सामने आने के साथ पीड़ितों की संख्या बढ़कर 6,11,837 हो गई। यहां पर 1,10,412 एक्टिव मामले हैं और एक्टिव मामले में कर्नाटक महाराष्ट्र के बाद देश में दूसरे नंबर पर है। मौत के मामले में कर्नाटक महाराष्ट्र और तमिलनाडु के बाद तीसरे नंबर पर है। यहां पर 8994 कोरोना पीड़ितों की मौत हो चुकी है। केरल में गुरुवार को 8135 नए संक्रमित मिलने के साथ पीड़ितों की संख्या बढ़कर 2,04,242 हो गई। यहां पर 72,339 एक्टिव मामले हैं और इस दृष्टि से केरल देश में तीसरे नंबर पर है। हालांकि यहां पर अभी तक कुल 772 लोगों की मौत हुई है जो कि एक्टिव मामलों की दृष्टि से 0.38% के करीब है। एक्टिव मामलों की दृष्टि से देखें तो शीर्ष 10 राज्यों में महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, आंध्रप्रदेश, उत्तरप्रदेश, तमिलनाडु, असम, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना का नाम शामिल है। इसके अलावा तीन अन्य राज्यों में 20 हजार से ऊपर सक्रिय मरीज हैं जबकि बिहार जैसे बड़े राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या कुल 12,502 है यहां पर मौतें भी कुल 906 हुई हैं। विशेष बात यह है कि यहां पर प्रतिदिन एक लाख से ऊपर कोरोना टेस्ट हो रहे हैं। इस दृष्टि से बिहार उत्तरप्रदेश के बाद दूसरे नंबर पर है। कोरोना टेस्ट की दृष्टि से देखें तो सबसे ज्यादा टेस्ट लगभग 1 लाख 60 हजार उत्तर प्रदेश में हो रहे हैं। उसके बाद बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश, केरल, दिल्ली, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में 40 हजार से ऊपर कोरोना टेस्ट प्रतिदिन हो रहे हैं। देश में प्रतिदिन 15 लाख के करीब कोरोनावायरस टेस्ट किए जा रहे हैं। बीते 11 दिन से देश में कोरोनावायरस से ठीक होने वालों की संख्या नए संक्रमित मरीजों की अपेक्षा अधिक आ रही है जो कि एक सकारात्मक संकेत है। इस बीच देश में कोरोना संक्रमण 64 लाख लोगों तक पहुंच चुका है और मृतकों की संख्या भी 99 हजार से ऊपर हो गई है जो कि शुक्रवार को एक लाख पहुंचने की आशंका है।