वाशिंगटन। अमेरिका में सेवाएं दे रहे भारतीय राजनयिक ने महात्मा गांधी की 151वीं जयंती पर उन्हें संगीतमय श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही शांति के दूत से मुश्किल समय में लोगों की मदद के लिए फिर से दुनिया में आने की अपील की। हिंदी गीत ‘बापू मेरे: ए म्यूजिकल ट्रिब्यूट टू महात्मा गांधी’ को दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर भारतीय दूतावास में आयोजित समारोह में दिखाया गया। भारतीय विदेश सेवा के 2008 बैच के अधिकारी शम्भू हक्की ने गांधी की याद में लिखे गीत का संगीत रचा है। हक्की ही इसके गायक हैं। इस गीत के बोल हैं, ‘‘बापू मेरे, एक बार फिर से आओ। बापू मेरे, जग को राह दिखाओ। मुश्किल में है जग सारा। छाया घना अंधियारा। झूठ ने हैं पैर पसारे। करो सच से उजियारा। कर्नाटक के रहने वाले हक्की इस समय वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में प्रथम सचिव के तौर पर नियुक्त हैं। वह चीन में भारतीय दूतावास में भी सेवाएं दे चुके हैं। इस गीत के बोल नीरज सैनी ने लिखे हैं। सैनी भी यहां भारतीय दूतावास में सेवाएं दे रहे हैं। अमेरिका में भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू ने यह गीत ट्वीट किया और लिखा, ‘‘गांधी जी को श्रद्धांजलि। इस गीत को मेरे दो सहयोगियों ने लिखा, गाया और संगीत दिया है।’’ संधू ने समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों को इस संगीतमय श्रद्धांजलि के लिए बधाई दी।

Previous articleअमेरिका ने कहा चीन की आक्रामकता का जवाब देगा क्वाड
Next articleरूस की कोरोना वैक्सीन स्पुतनिक-वी की पहली खेप वेनेजुएला पहुंची

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here