कुल्लू । कुल्लू पुलिस ने फर्जी मैसैज भेज कर ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी अमेजन कंपनी में मनाली के ऑफिस में डिलीवरी ब्वॉय का काम करने वाले कर्मचारी की शिकायत पर की है। शिकायतकर्ता के मुताबिक करीब 20 से 25 दिन पहले एक आदमी अमेजन कंपनी के दफ्तर मनाली में आया। उसने बताया कि उसने ऑनलाइन ऑर्डर कर रखा है और उसे लैपटॉप लेना है। कर्मचारी ने रिकॉर्ड चेक किया, तो एक आर्डर आया हुआ था। आरोपी ठग अरविंद ने कहा कि उसके पास अभी कैश नहीं है। वह नेट बैंकिंग से से लैपटाप के 30,000 रुपए दे सकता है। उस समय कंपनी के किसी कर्मचारी के पास या कंपनी का कोई ऐसा अकाउंट नंबर उपलब्ध नहीं था। इसलिए डिलीवरी ब्वॉय ने अपना बैंक अकाउंट उसको दे दिया। उस लड़के ने 30,000 रुपए का एक मैसेज डिलीवरी ब्वॉय के मोबाइल पर भिजवाया। जिसमें लिखा था कि 30,000 आपके खाते में जमा हो गए हैं।
डिलीवरी ब्वॉय ने अरविंद को लैपटॉप दे दिया। शाम के समय जब कंपनी के हिसाब मांगने पर डिलीवरी बॉय पैसे निकालने लगा तो पाया कि उसके खाते में वह पैसे आए ही नहीं। फिर उसने बैंक में जाकर पता किया और पाया कि उसके खाते में 30000 आए ही नहीं हैं। उसने अरविंद को फोन किया तो पता चला कि उसका नंबर ब्लॉक लिस्ट में डाल दिया गया है। तब उसे ठगे जाने का पता चला। मामले में साइबर पुलिस ने जब चेक किया तो पाया कि डिलीवरी ब्वॉय को भेजा गया मैसेज फर्जी था और एक ऐप से नकली तैयार किया गया है। कुल्लू पुलिस ने आरोपी को मनाली क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसने पूछताछ करने पर पुलिस को अपना नाम अरविंद बताया और आधार कार्ड भी दिखाया। सर्च करने पर पता चला कि इसका असली नाम सौरव मित्रा पुत्र सुब्रत मित्रा निवासी जिला नाडिया वेस्ट बंगाल उम्र 30 वर्ष है। पूछताछ में पता चला है कि यह एक बहुत बड़ा ठग है और साइबर क्राइम का मास्टर है। उसने बिहार में एक लड़के के साथ 8 लाख रूपए की ठगी भी की है। अपने आपको यह आदमी डिस्कवरी चैनल का एंपलाई बताता है और डिस्कवरी चैनल के नाम पर भी ठगी करता है।













