नई दिल्ली । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में गठित एक उच्च स्तरीय समिति ने छह राज्यों पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और सिक्किम के लिए 4,382 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। यह राशि, इस साल प्राकृतिक आपदा झेल चुके राज्यों को केंद्र की ओर से सहायता के तौर पर दी जानी है।
इस साल पश्चिम बंगाल, ओडिशा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और सिक्किम में चक्रवात, बाढ़ और भूस्खलन की वजह से बड़ी संख्या में लोग परेशान हुए। गृह मंत्रालय ने अपने एक बयान में बताया कि केंद्र द्वारा अतिरिक्त सहायता के रूप में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया निधि (एनडीआरएफ) से 4381.88 करोड़ रुपे छह राज्यों के लिए जारी किए जाने को समिति ने मंजूरी दी है।
‘अम्फान’ चक्रवात की मार झेल चुके पश्चिम बंगाल के लिए 2707.77 करोड़ रुपये को मंजूरी दी गई है। महाराष्ट्र में ‘निसर्ग’ चक्रवात से हुई तबाही से उबरने के लिए 268.59 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। दक्षिण पश्चिमी मानसून के दौरान आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान की भरपाई के लिए कर्नाटक को 577.84 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। मध्य प्रदेश को 611.61 करोड़ तथा सिक्किम को 87.84 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।














