नई दिल्ली । भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी के सोशल मीडिया पर सक्रिय ना होने के बावजूद उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। धोनी आज भी पूरी दुनिया में सबसे अधिक लोकप्रिय हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 30.1 मिलियन और टि्वटर पर 8.1 मिलियन फॉलोअर्स हैं। धोनी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस साल के शुरू में उनकी एक पोस्ट को सबसे ज्यादा पसंद किया गया। ट्विटर इंडिया के अनुसार, ”धोनी का वह ट्वीट, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद किया था, उसे भारतीय खेल जगत में सबसे ज्यादा रीट्वीट किया गया। इसे 73, 500 बार रीट्वीट किया गया।”
मोदी ने धोनी के संन्यास की घोषणा के बाद इस पूर्व भारतीय कप्तान को एक पत्र लिखा था। धोनी ने इसका जवाब देते हुए ट्वीट किया था और लिखा था, एक कलाकार, सिपाही और खेल शख्सियत का प्रोत्साहन के लिए शुक्रिया। धोनी ने इसी साल 15 अगस्त को इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। धोनी ने बेशक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया है, लेकिन वह क्रिकेट में अब भी सक्रिय हैं। इस साल वह आईपीएल 2020 में खेले हालांकि, वह चेन्नई सुपर किंग्स को इस साल प्लेऑफ में भी नहीं पहुंचा पाए। आईपीएल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ।