भाजपा के एक वर्ष पूरे होने पर गिनाई उपलब्धी
मुलताई। कांग्रेस ने 15 माह में सिर्फ ट्रांसफर उद्योग चलाया है लेकिन भाजपा ने एक ही वर्ष में विकास की नई गाथा लिख दी है जिससे भाजपा का एक साल बेमिसाल बन गया है। उक्त उद्गार जिप सदस्य राजा पंवार ने भाजपा शासन के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित पत्रकार वार्ता में व्यक्त किए। इस दौरान उनके साथ भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष हनी भार्गव, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष राजेश हिंगवे, परसराम घाघरे, प्रहलाद साहू, नमन अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता मौजूद थे। राजा पंवार ने बताया कि एक वर्ष में ही भाजपा ने कई उपलब्धियां हासिल कर ली है जिसमें कोरोना के प्रति सतर्कता एवं सुरक्षा भी शामिल है। उन्होने बताया कि प्रदेश मुखिया शिवराजसिंह चौहान ने कांग्रेस के शासनकाल में पिछड़ चुके प्रदेश को फिर से मुख्यधारा में लाकर विकास की नई इबारत लिख दी है।
ताप्ती महोत्सव एवं जिला बनाने का उठा मुद्दा
प्रेस वार्ता के दौरान मां ताप्ती की पवित्र नगरी में ताप्ती महोत्सव को लेकर हुए पक्षपात पर पत्रकारों द्वारा तीखा रोष प्रकट करते हुए कहा कि जहां पूरे प्रदेश में संस्कृति संचालनालय द्वारा जगह-जगह महोत्सव के आयोजन सतत किए जा रहे हैं वहीं सिर्फ ताप्ती महोत्सव ही नही कराया गया। उन्होने कहा कि हमेशा मां ताप्ती के साथ पक्षपात होता है तथा विभाग के कैलेंडर में तारिख आ जाने के बावजूद हर वर्ष महोत्सव आयोजन को लेकर नगरवासियों को जद्दोजहद करना पड़ता है। इसके अलावा नगर में ट्रेनों के स्टापेज नही होने सांसद द्वारा मुलताई की उपेक्षा करने तथा वर्षों से मुलताई को जिला बनाने की मांग के बावजूद जिला नही बनाने के मुद्दे भी पत्रकारों द्वारा उठाए गए।
रोजगार नही होने से पलायन कर रहे युवा
राजा पंवार द्वारा भाजपा की उपलब्धियां गिनाने के दौरान मुलताई सहित पूरे क्षेत्र में रोजगार के लिए उद्योग धंधे स्थापित नही कराने तथा रोजगार नही होने से युवाओं के पलायन का मुद्दा भी पत्रकारों द्वारा उठाया गया। उन्होने कहा कि विगत 15 वर्षों से अधिक समय से भाजपा की सरकार है लेकिन यहां अभी तक कोई उद्योग धंधे स्थापित नही हो सके हैं। लोकसभा क्षेत्र में सांसद की उपेक्षा से ना तो ट्रेनों का स्टापेज हो रहा है और ना ही कोई उद्योग धंधे स्थापित हो रहे हैं एैसे में युवाओं सहित आमजन में रोष व्याप्त है। पत्रकारों ने कहा कि मुलताई क्षेत्र से हमेशा से ही लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत भाजपा को मिला है लेकिन इसका फायदा आज तक जनता को नही मिला है।