भोपाल। राजधानी सहित पूरे मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज गर्म हो गया है। हालांकि गुरुवार से गर्मी के तीखे तेवरों में कुछ कमी आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इस सिस्टम के प्रभाव से पंजाब और उसके आसपास के क्षेत्र पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इन दो सिस्टम के कारण हवाओं का रुख बदलने से मौसम बदलाव आने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक शुक्रवार से प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाने के आसार हैं। शुक्रवार-शनिवार को कहीं-कहीं बरसात भी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला के मुताबिक हवाओं की दिशा बदलने के कारण और वातावरण में नमी बढ़ने के कारण बुधवार को पूर्वी मध्य प्रदेश को छोड़कर शेष स्थानों पर तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है। नौ-दस अप्रैल को प्रदेश में बादल छाने के आसार हैं। साथ ही बुरहानपुर, खंडवा, देवास, छिंदवाड़ा, डिंडोरी, बालाघाट, सिवनी, मंडला, बैतूल, हरदा में बादल छाने के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे बढ़ गया है। एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ वर्तमान में अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान पर बना हुआ है। उसके प्रभाव से पंजाब और उससे लगे क्षेत्र पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बन गया है। इन दो सिस्टम के कारण हवाओं का रुख बदलकर पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हो गया है। इस वजह से मंगलवार को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश के 26 स्थानों पर तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। टीकमगढ़, सागर, दमोह, नौगांव, गुना, ग्वालियर, रतलाम, सतना और खजुराहो में लू चली। साहा के मुताबिक दक्षिणी हवाओं के साथ कुछ नमी भी आने लगी है, जिसके कारण आंशिक बादल भी छाने लगे हैं।