नई दिल्ली। देश में अप्रैल महीने में कोविड-19 के 66 लाख से अधिक नए मामले सामने आए जोकि पिछले साल महामारी की शुरुआत के बाद संक्रमण के मामलों को लेकर सबसे खराब महीना साबित हुआ है। अप्रैल महीने में दर्ज किए गए नए मामले पिछले छह महीनों में सामने आए मामलों से अधिक रहे जो कि संक्रमण की दूसरी लहर की गंभीरता को दर्शाता है। देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 3.86 लाख से अधिक नए मामले सामने आए जिसके साथ ही संक्रमित लोगों का अब तक का आंकड़ा बढ़कर 18767962 तक पहुंच गया जबकि मार्च के अंत तक मामलों की संख्या 12149335 थी। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि अप्रैल के बाद से संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। पांच अप्रैल से प्रतिदिन एक लाख से अधिक मामले सामने आने लगे जबकि 15 अप्रैल से इनकी संख्या प्रतिदिन दो लाख को पार कर गई और 22 अप्रैल से रोजाना तीन लाख से अधिक मामले दर्ज किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि पिछले चार सप्ताह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, पंजाब, मध्य प्रदेश और राजस्थान में परिस्थितियां अधिक चिंताजनक हुई हैं।

Previous articleजलवायु परिवर्तन से भारत की जीडीपी को हो सकता है भारी नुकसान
Next articleभारत में अगले सप्ताह आ सकता है कोरोना का पीक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here