बरेली। बरेली के पुराना शहर में बाइक सवार पांच हमलावरों ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष पर हमला कर उन्हें गोली मार दी। घायल भाजपा नेता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना बारादरी में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों ने बीते दिनों इन्हें और प्रदेश के मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी दी थी। बारादरी रोहली टोला निवासी शारिक भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष है। शारिक की पत्नी फिजा ने बताया कि आये दिन शारिक को धमकी मिलती रहती है। उनकी ओर से कई बार वरिष्ठ पुलिस अधकारियों से शिकायत की जा चुकी है। रविवार शाम को शारिक उनकी व अपनी मां शहनाज की गौटिया से दवा लेकर आये थे। जिसके बाद मां और पत्नी के कहने पर शारिक दोनों को दरगाह की जियारत कराने स्कूटी से बुखार शाह मियां के दरगाह ले गये थे। जहां पर शहनाज और फिजा दरगाह के अंदर चली गईं। शारिक बाहर थे और इसी दौरान अचानक एक बदमाश ने फायर कर दिया। गोली उनके दाहिने हाथ को छूते हुये निकल गई। वहीं शारिक जमीन पर गिर गये। जिसके बाद आस पास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। फिजा के मुताबिक पांच आरोपी दो बाइक पर सवार थे। आरोपियों में मदीना शाह निवासी काशिफ व उसके भाई नदीम को फिजा ने पहचाना है। जिनके खिलाफ बारादरी थाने में तहरीर दी गई है।














