नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या भले ही तेजी से कम हो रही हो, लेकिन दक्षिण भारत में कोरोना का बढ़ता ग्राफ चिंता बढ़ाने वाला है। कई राज्यों में कोरोना के नए वेरिएंट मिलने से कोरोना की तीसर लहर का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में देश में कोरोना संक्रमण के 38792 नए केस सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 624 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। अब देश में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या अब 3946074 हो गई है। देश में अब तक कोरोना से 429946 एक्टिव केस हैं, जबकि 314 720 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। वहीं अब तक कोरोना से 411408 लोगों की मौत हो चुकी है। देश में अब तक 38,76,97,935 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। पिछले 24 घंटे में 37,14,441 लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के 7,243 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की कुल संख्या 61,72,645 हो गई। इसके अलावा 196 और रोगियों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या 1,26,220 तक पहुंच गई है। ठीक हो चुके लोगों की तादाद 59,38,734 हो गई। केरल में मंगलवार को 14,539 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 30,87,673 हो गई। वहीं, पिछले 24 घंटे में 124 और मरीजों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 14,810 हो गई। स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि मालापुरम में सबसे ज्यादा 2,115 मामले सामने आए हैं। इसके बाद एर्नाकुलम में 1,624 और कोल्लम में 1,404 मामले सामने आए। मंगलवार को 10,331 मरीज संक्रमण मुक्त भी हो गए, जिसके बाद कुल स्वस्थ हुए लोगों की संख्या बढ़कर 29,57,201 हो गई। राज्य में 1,15,174 मरीजों का उपचार चल रहा है। कर्नाटक में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,913 नए मामले सामने आए तथा महामारी से 48 और मरीजों की मौत हो गई। इसके साथ ही कुल मामले बढ़कर 28,74,597 हो गए और मृतकों की संख्या 35,944 पर पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आज 2,489 मरीज ठीक हो गए। राज्य में अब तक 28,04,396 लोग कोविड-19 से पीड़ित होने के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। अभी 34,234 मरीज उपचाराधीन हैं।














