चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस में चल रहे अंतर्कलह के चलते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला आज सुलझने की उम्मीद है। पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत नई दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंच गए हैं और थोड़ी देर में कैप्टन अमरिंदर सिंह से बातचीत करेंगे। हरीश रावत को लेने पंजाब सरकार का हेलीकाप्टर दिल्ली गया था और हेलीपैड से कैप्टन अमरिंदर के फार्म हाउस पर पहुंचे। इसके बाद दोनों नेताओं की बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि रावत पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष के लिए सिद्धू के नाम पर कैप्टन को मनाने की कोशिश कर रहे हैं। बैठक मे अगले विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर चर्चा करने के साथ बैठक का मुख्य फोकस सिद्धू-कैप्टन की जंग को समाप्त करना है। बताया जाता है कि दोनों नेताओं की बैठक करीब 25 मिनट पहले शुरू हुई। माना जा रहा है कि रावत इसके बाद सिद्धू और कैप्टन की मुलाकात करवा सकते हैं। कैप्टन राजी हो गए तो आज ही सिद्धू को पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का ऐलान किया जा सकता है। सिद्धू भी सुबह से ही सक्रिय हैं।
इससे पहले वह पंजाब कांग्रेस के वर्तमान अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मिले और इसके बाद विधायकों से मुलाकात की। इसके बाद वह कई मंत्रियों से मिले और उनसे मिलने मंत्रियों के आवास पर गए। इसके साथ ही वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से भी मिल रहे हैं। वह पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लाल सिंह के घर भी पहुंचे। नवजोत सिंह सिद्धू सभी मंत्रियों, विधायकों और नेताओं से मिलकर उनका साथ मांग रहे हैं। उन्होंने सेक्टर 39 में पंजाब मंडी बोर्ड के चेयरमैन लाल सिंह के साथ ही उनके समाणा से विधायक रजिंदर सिंह से भी मिले। उनके साथ तीन अन्य विधायक दर्शन बराड़, फाजिल्का के विधायक दविंदर सिंह घुबाया, गुरदासपुर के विधायक बरिंदरजीत सिंह पाहड़ा और सहकारिता मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा भी थे। अब सेक्टर 39 से वह सेक्टर 2 के लिए रवाना हो रहे हैं जहां वह ब्रह्म मोहिंदरा, स्पीकर राणा केपी सिंह आदि से मिलेंगे।
जाखड़ और चंडीगढ़ सर्किट हाउस में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग व अन्य विधायकों से मिलने के बाद सिद्धू स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू की कोठी पहुंचे। वहां पर सहकारिता मंत्री सुखजिंदर रंधावा और कुछ विधायक भी आ गए हैं। कांग्रेस में अचानक राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो गया है। सिद्धू जिस तरह से सभी को मनाने की कोशिश कर रहे हैं उससे लगता है कि उनके खिलाफ चल रही मुखालफत के माहौल को वह प्रधान बनने से पहले ठंडा कर लेंगे। इससे पहले नवजोत सिद्धू चंडीगढ़ के सेक्टर 2 और सेक्टर सात में स्थित मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा और सुखबिंदर सिंह सरकारिया के घर भी गए लेकिन वे घर पर नहीं मिले। सेक्टर 39 में वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन और कैप्टन अमरिंदर सिंह के करीबी डॉ. राज कुमार वेरका का भी घर है। सिद्धू वहां भी गए थे लेकिन पता चला कि वह घर पर नहीं हैं। नवजोत सिंह सिद्धू सुबह पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ से मिले। वहीं अटकलें लगाई जा रही हैं कि रावत मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर और सिद्धू की मुलाकात भी करवा सकते हैँ। इसी कारण संभवत: सिद्धू अभी चंडीगढ़ में रुके हुए हैं। बताया जाता है कि पहले उनकी अमृतसर जाने की योजना थी।














