नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि कोरोना की संभावित तीसरी लहर को ध्यान में रखकर पार्टी पूरे देश में चार लाख से ज्यादा स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैयार कर रही है। दिल्ली में 51 हजार स्वास्थ्य स्वयंसेवक बनाने का लक्ष्य है। मानवता को बचाने के लिए कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भाजपा का हर कार्यकर्ता अपनी जान जोखिम में डालकर काम करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल सवाल और शिकायत करता है, लेकिन संकट के समय अज्ञातवास में चला जाता है। वहीं दूसरी तरफ भाजपा कार्यकर्ता सवाल करने की जगह समस्या का हल ढूंढते हैं।
तरुण चुग दिल्ली भाजपा के स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान की शुरुआत के मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। वह इस अभियान के राष्ट्रीय संयोजक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है और इस बार वह कोरोना से लड़ाई के लिए विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य स्वयंसेवी टीम बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में जिस तरह से देश को नेतृत्व दिया है, उससे विश्वभर में भारत की प्रशंसा हुई। लेकिन, विपक्ष महामारी जैसे मुद्दे पर भी सरकार का साथ नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में दिल्ली में तीन हजार से ज्यादा और पूरे देश में 1.48 लाख लोग स्वयंसेवक के तौर पर नाम दर्ज करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया। इस नंबर पर स्वास्थ्य स्वयंसेवक बनने के लिए जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, अभियान के प्रदेश संयोजक डा। अनिल गुप्ता, सह-संयोजक डा। अनिल गोयल, आइटी प्रमुख पुनीत अग्रवाल, प्रदेश भाजपा मीडिया प्रमुख नवीन कुमार जिंदल सहित अन्य नेता मौजूद थे।