पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया शहर के मधुबनी ओपी इलाके के मंझली चौक पर दिनदहाड़े इंजीनियरिंग के एक छात्र हर्ष कुमार झा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की वजह स्मैकरों से अदावत बताई जा रही है। मृतक हर्ष कुमार झा पूर्णिया जिले के सुखसेना गांव का निवासी था। वह भुवनेश्वर में इंजीनियरिंग में पढ़ता था। उसके पिता कमलेश झा और चाचा मिथिलेश झा बड़े कलाकार हैं। मृतक के दोस्त सोनू ने बताया कि रात में हर्ष अपने दोस्त के बर्थडे में गया था। रात में वो वहीं रुक गया था। सुबह जब हर्ष, सोनू और एक अन्य दोस्त तीनों एक ही बाइक से घर लौट रहे थे तभी मंझली चौक के पास अपराधियों ने उसे गोली मार दी। गोली लगते ही हर्ष बाइक से नीचे गिर गया। उसे सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सोनू ने बताया कि पांच दिन पहले कुछ स्मैकरों से उनका झगड़ा हुआ था। उन लोगों ने उसे ही मारने के लिए गोली चलाई थी, लेकिन गोली उसे नहीं लग कर उनके बाइक के पीछे बैठा हर्ष के सीने में लग गई जिस कारण उसकी मौत हो गई।
आक्रोशित लोगों ने शव के साथ पूर्णिया कस्बा मुख्य मार्ग को घंटो जाम कर दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सदर एसडीपीओ आनंद पांडे को भी परिजनों और लोगों ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस दौरान लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी भी की। सदर एसडीपीओ ने 24 घंटे के अंदर कार्रवाई और गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, इसके बाद लोगों ने जाम हटाया। इस बाबत सदर एसडीपीओ आनंद पांडे ने कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शहर में दिनदहाड़े हुई इस हत्याकांड से पुलिस प्रशासन पर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व सांसद उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने इससे दुखद बताते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती है तो लोग सड़क पर उतरने को विवश होंगे। पूर्व सांसद ने कहा कि इस तरह लगातार हो रही अपराधिक घटनाएं कानून व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं।

Previous articleसीएम ने जारी की नई गाइडलाइन, खुलेंगे सभी स्कूल-कॉलेज शापिंग मॉल
Next articleनर्सिंग होम में घुसकर बदमाशों ने बरसाई गोलियां, नर्स की मौत, डॉक्टर गंभीर डीएसपी उपाध्याय ने बताया, बदमाशों को पकड़ने के लिये छापेमारी कर रही है पुलिस

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here