- 30 जून तक पंजाब और हरियाणा पहुंचने का अनुमान
नई दिल्ली । अंडमान और निकोबार द्वीप समूह पर जल्द पहुंचने के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून केरल की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह के मध्य तक केरल में इसके दस्तक देने की संभावना जाहिर की है। मौसम विभाग (आइएमडी) ने बताया कि सप्ताह के अंत तक केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल बनी रहेंगी। अगर इस हफ्ते के अंत तक केरल में द.पश्चिम मानसून की शुरुआत होती है, तब हाल के वर्षो में ऐसा पहली बार होगा। इससे पहले मानसून 2009 में 23 मई को केरल पहुंचा था। इससे पहले मौसम विभाग ने पांच दिन पहले 27 मई तक केरल में मानसून पहुंचने की भविष्यवाणी की थी। आम तौर पर केरल में एक जून को मानसून पहुंचता है।
मौसम विभाग ने बेंगलुरु, दक्षिण कन्नड़, उत्तर कन्नड़, बगलकोट, चिकमंगलुरु, मैसूर, हावेरी, गडग, रायचूर, मांड्या, चित्रदुर्ग, दावणगेरे, कोप्पल, बेल्लारी और शिवमोगा में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाओं तथा गरज के साथ बिजली गिरने का अनुमान व्यक्त किया है। इधर केरल में मूसलाधार बारिश के चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 12 जिलों में पूरे दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने पहले पूर्वानुमान जताया था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई तक राज्य में दस्तक दे सकता है। इस बार मानसून के सामान्य तारीख से पांच दिन पहले आने के आसार हैं। केरल में मूसलाधार बारिश जारी है। इसके चलते मौसम विभाग ने गुरुवार को तिरुवनंतपुरम और कोल्लम को छोड़कर 12 जिलों में पूरे दिन के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया था। बारिश के कारण राज्य के कुछ हिस्सों में सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर में अगले दिन-चार दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने की संभावना जाहिर की है। इस बीच असम में बाढ़ की स्थिति गुरुवार को और बिगड़ गई।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में मानसून समय से पहले दस्तक दे सकता है। वहीं राजधानी में शुक्रवार को तेज हवाएं चलने के आसार हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इसकी जानकारी दी। इस बीच, दिल्ली में भीषण गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और शाम को गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 44 डिग्री सेल्सियस और 29 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने की संभावना है। कब किस राज्य में पहुंचेगा मानसून : 10 से 15 जून को झारखंड और बिहार पहुंचेगा मानसून, वहीं 05 जून तक आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, असम में, 10 जून तक पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, महाराष्ट्र, 15 जून तक छत्तीसगढ़, और 20 जून गुजरात, मध्यप्रदेश, यूपी, उत्तराखंड और 25 जून राजस्थान, हिमाचल, वहीं 30 जून हरियाणा, पंजाब पहुंचने का अनुमान है।