देश की राजधानी दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 5 जनवरी को हुई हिंसा के विरोध में गेटवे ऑफ इंडिया पर प्रदर्शन कर रहे लोगों को अब आजाद मैदान पहुंचा दिया गया है। मुंबई पुलिस आजाद मैदान में JNU हमले के विरोध में प्रदर्शन करने के लिए आए लोगों के नाम, उनके पहचान पत्र जांच कर नोट कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि वो ये सुनिश्चित करना चाहती है कि जो लोग प्रदर्शन करने के लिए आजाद मैदान में आएं थे वो यहां से सही सलामत वापस गए हैं।
गेट वे ऑफ इंडिया पर जमा हुए प्रदर्शनकारी
इसकी दूसरी वजह यह भी बताई जा रही है कि पुलिस आने वाले दिनों में इन लोगों के खिलाफ यदि कोई कानूनी कार्रवाई करती है तो उसके पास सबूत होंगे। ताकि ये पता लगाया जा सके कि ये लोग विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए आजाद मैदान में आए थे और उन्होंने पुलिस के पास अपना नाम रिकॉर्ड कराया था। आपको बता दें कि JNU हिंसा के विरोध में गेट वे ऑफ इंडिया पर जमा हुए प्रदर्शनकारियों को पुलिस द्वारा मंगलवार सुबह हटाया गया था।
मुंबई में नजर आये कश्मीर के पोस्टर
ऐसा बताया जा रहा है कि गत रात मुंबई में फ्री कश्मीर के पोस्टर नज़र आए थे। जिसके बाद पुलिस ने इस संवेदनशील क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए प्रदर्शनकारियों को आजाद मैदान में स्थानांतरित करने का फैसला लिया है। दरअसल, पुलिस को डर था कि गेट वे ऑफ़ इंडिया पर आने वाले पर्यटकों और लोगों को इस प्रोटेस्ट से समस्या हो सकती है, इसीलिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आज़ाद मैदान भेज दिया।