नई दिल्ली। नए कृषि कानूनों पर किसान यूनियनों के विरोध के बीच सरकारी एजेंसियों ने चालू खरीद विपणन सत्र में 669.59 लाख टन धान की खरीद की है जो एक साल पहले इस समय तक की खरीद से 15 प्रतिशत अधिक है। केंद्र सरकार के मुताबिक न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदे गए धान का मूल्य 1.26 लाख करोड़ रुपए है। खरीफ की फसलें अक्टूबर से बाजार में आने लगती है। कुछ राज्यों में धान की खेती रबी (जाड़े में) में भी की जाती है। बयान में कहा गया है कि सरकार ने तीन मार्च तक 669.59 लाख टन धान की खरीद की है। यह पिछले वर्ष इस समय तक खरीदी गई 583.34 लाख टन की मात्रा से 14.78 प्रतिशत अधिक है।.इस बार धान की सरकारी खरीद से करीब 97.70 लाख किसान लाभान्वित हो चुके है। एमएसपी पर खरीदे गए धान का कुल मूल्य 1,26,418.70 करोड़ रुपए है। खरीफ मौसम में की गई इस खरीद में से अकेले पंजाब से ही 202.82 लाख टन धान की खरीद की गई है। यहां यह उल्लेखनीय है कि केन्द्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को निरस्त किये जाने और न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद की कानूनी गारंटी दिए जाने की मांग को लेकर मुख्यतौर से पंजाब, हरियाणा और पश्चिम उत्तर प्रदेश के किसान दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
#Savegajraj