भारतीय सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत इन दिनों भारत के अहम समुद्री पड़ोसी देश मालदीव के दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने राजधानी माले में मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों देशों ने साझा खतरों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए सामरिक संबंधों को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।अधिकारियों ने कहा कि जनरल रावत और शाहिद ने बदलते क्षेत्रीय सुरक्षा हालात की समीक्षा की और द्विपक्षीय रक्षा और सुरक्षा सहयोग बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया है।

कई अन्य मुद्दों पर चर्चा
इस दौरान आपसी हितों के कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। सैन्य प्रमुख रावत ने एक अलग कार्यक्रम में भारतीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से मालदीव के सशस्त्र बलों को भी संबोधित किया। उन्होंने भारतीय समुद्री क्षेत्र पर जोर देते हुए अहम समुद्री मार्गो में आवाजाही की आजादी सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि स्थायी सुरक्षा माहौल बना रहे। इस मौके पर भारतीय सेना प्रमुख ने मालदीव के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज मेजर जनरल अब्दुल्ला शमाल को वाहन और विभिन्न सैन्य कलपुर्जे भी सौंपे।

मालदीव में सत्ता परिवर्तन
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि ये कलपुर्जे मालदीव के सशस्त्र बलों की संचालन और कार्य कुशलता में बढ़ोतरी करेंगे। बता दें कि हाल ही में मालदीव में सत्ता परिवर्तन हुआ है। मालदीव की पूर्ववर्ती सरकार को चीन का करीबी माना जाता था। वर्तमान सरकार से भारत को काफी उम्मीदें हैं। जिससे वह क्षेत्र में बढ़ते चीन के असर को नियंत्रित कर सके।

Previous articleदिल्ली में एक महीने के भीतर चालान की संख्या में 70 फीसदी कमी
Next articleपीएम मोदी के भाषण को रोकने पर चेन्नई दूरदर्शन केंद्र अधिकारी निलंबित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here