झारखंड सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार की खबरें काफी समय से आ रही है। सीएम हेमंत सोरेन जल्द ही इस मामले में कोई फैसला कर सकते है। माना जा रहा है कि सीएम हेमंत सोरेन 24 जनवरी को अपने मंत्रिमंडल का विस्तार कर सकते हैं। इस बाबत सीएम ने राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू से मिलने का समय मांगा है। कहा जा रहा है कि इस दिन हेमंत कैबिनेट का विस्तार होगा। कांग्रेस और झामुमो के कुल 8 मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी।
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मांगा समय
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसी दिन सुबह में राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय राजभवन से मांगा है। उनके इस कदम के बाद उम्मीद की जा रही है कि झारखंड में राज्य मंत्री परिषद का विस्तार 24 जनवरी को हो सकता है। इस मुलाकात के क्रम में वे नए मंत्रियों के नाम राज्यपाल को सौंप सकते हैं। चर्चा है कि इसी दिन शाम में राजभवन में नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण भी हो सकता है। मंत्रियों की संख्या और विभागों को लेकर भी बातें फाइनल हो चुकी हैं।
मंत्री पद के बंटवारे पर बनीं सहमति
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्री पद के बंटवारे पर लगभग सहमति बन चुकी है। बताया जाता है कि कांग्रेस को मंत्रियों के तीन पद और मिल सकते हैं। इसके साथ कांग्रेस के पांच मंत्री हो जाएंगे। झामुमो के खाते में मंत्रियों के कुल पांच पद मिले हैं। राजद को एक पद पहले से ही दे दिया गया है। कांग्रेस कोटे से राजेन्द्र सिंह, दीपिका पांडेय तथा बन्ना गुप्ता को मंत्री बनाने की चर्चा है।झामुमो से स्टीफन मरांडी, चम्पई सोरेन, हाजी हुसैन अंसारी, जगरनाथ महतो, दीपक बिरुआ तथा मथुरा महतो के नाम की चर्चा है। हालांकि अंतिम समय में कुछ नाम बदल भी सकते हैं।