जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा सीट से बहुत कम अंतर से आगे चल रहे रघुवर दास ने कहा है कि यदि सरयू राय डैमेज करते तो भाजपा को जो नंबर आ रहा है उतना नहीं आता। किसने किसको डैमेज किया है, यह परिणाम आने पर पता चल जाएगा। अभी रुझानों पर कमेंट करना सही नहीं होगा। झारखंड विधानसभा चुनाव की मतगणना के अभी तक के रुझानों में झामुमो-कांग्रेस-राजद गठबंधन को मिलती बढ़त पर उन्होंने कहा है कि अंतिम परिणाम आने पर समीक्षा करेंगे। भाजपा चुनाव जीत रही है। झारखंड में भाजपा के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।
बता दें कि झारखंड विधानसभा चुनाव 2019 के रुझानों ने भाजपा को बड़ा झटका लगा है। सुबह 8 बजे आरंभ हुई मतगणना के आंकडो़ं ने सूबे में कांग्रेस गठबंधन की सराकर का मार्ग खोल दिया है। सुबह 11 बजे तक के रुझानों के अनुसार कांग्रेस गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता नज़र आ रहा है। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, कांग्रेस 13, झारखंड मुक्ति मोर्चा 25 और राष्ट्रीय जनता दल 5 सीटों पर आगे चल रही है। इसका मतलब कांग्रेस गठबंधन 43 सीटों पर आगे चल रहा हैं।
झारखंड विधानसभा में बहुमत के लिए 41 सीटों की जरुरत है। बता दें कि सुबह 8 बजे से प्रदेश के 24 जिला मुख्यालय में मतों की गणना जारी है। प्रारंभिक आंकड़ों की बात करें तो रुझानों में कांग्रेस गठबंधन को बहुमत मिलता नज़र आ रहा था। रुझानों में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा और राष्ट्रीय जनता दल गठबंधन 41 सीटों पर आगे चल रही थी और विधानसभा चुनावों में अकेले मैदान में उतरने वाली भाजपा बहुत पीछे लग रही थी।