दिल्ली-एनसीआर में एक बार फिर मौसम ने करवट लिया है। कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली से सटे हरियाणा के कई इलाकों में भी बारिश हो रही है। बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार, इस समय कई जगहों पर बादल गरज रहे हैं और बारिश अभी भी जारी है।

पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से गुरुवार शाम दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश हुई जिसकी वजह से मौसम में ठंड बढ़ गई है। स्काईमेट वेदर ने एडवाइजरी भी जारी की है। शनिवार दोपहर से मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि होली से अगले दो दिन तक फिर से बारिश का दौर चलने का पूर्वानुमान है। बुधवार देर रात से बृहस्पतिवार सुबह तक भी दिल्ली में कई जगह बारिश हुई। बृहस्पतिवार को दिनभर बादल छाए रहे। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान जहां सामान्य स्तर पर 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हवा में नमी का स्तर 64 से 100 फीसद रहा। सुबह साढ़े आठ बजे तक 4.2 मि.मी. बारिश दर्ज की गई। पालम में यह 5.6, लोधी रोड पर 3.6, रिज क्षेत्र में 7.7 जबकि आया नगर में 3.0 मि.मी. बारिश हुई। देर शाम तेज हवा के साथजो बारिश का दौर शुरू हुआ, वह शुक्रवार को भी जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार 40 से 45 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। कुछ जगहों पर ओले पड़ सकते हैं। शुक्रवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 22 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आस-पास है।

शनिवार दोपहर से मौसम के रुख में बदलाव आएगा और धूप निकलने के भी आसार हैं। दूसरी तरफ स्काईमेट वेदर ने दिल्ली एनसीआर और नोएडा के लिए एडवाइजरी जारी की है। स्काईमेट के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि जम्मू कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण शुक्रवार को दिन में हवा और बारिश सबसे ज्यादा रहेगी। इसलिए घर-दफ्तर से निकलते हुए सावधानी बरतने के साथ-साथ वाहन भी ऐसी जगह ही पार्क करें जहां आसपास पेड़ या होर्डिंग न हों। इसके अलावा घर से निकलते समय छाता लेकर निकलें।

बारिश से सड़कों पर भरा पानी, बारापूला पर लगा भीषण जाम
शुक्रवार सुबह एक घंट से भी अधिक समय तक चली झमाझम बारिश के चलते कई जगह सड़कों पानी भर गया, जिससे जाम लगने की भी खबर हैं। वहीं, दिल्ली के बारापूला फ्लाईओवर पर बारिश के चलते भीषण जाम लगा हुआ है। इसके चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, सफदरजंग, आइएनआइ जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सरसों की फसल को नुकसान
बारिश के कारण खेतों में सरसों की फसल जमीन पर बिछ गई है, इससे किसानों को भारी नुकसान हो सकता है। इससे पहले पश्चिमी विक्षोभ के असर की वजह से गुरुवार शाम दिल्ली-एनसीआर में जमकर बारिश हुई जिसकी वजह से मौसम में ठंड बढ़ गई है। बुधवार से शुरू हुआ बारिश का दौर शुक्रवार को भी जारी रहेगा। दिन में तेज हवा के साथ ओले व भारी बारिश की संभावना है। स्काईमेट वेदर ने एडवाइजरी भी जारी की है। शनिवार दोपहर से मौसम साफ हो जाएगा। हालांकि होली से अगले दो दिन तक फिर से बारिश का दौर चलने का पूर्वानुमान है।

Previous article‘केबीसी’ के नाम पाक से चल रहा था ठगी का अड्डा, 3 गिरफ्तार
Next article7 मार्च 2020

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here