दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान के दो और नर्सिंग स्टाफ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे पहले अस्पताल के एक डॉक्टर समेत चार कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। मिली जानकारी के मुताबिक ये रिपोर्ट रविवार को आयी है। फिलहाल नर्सिंग स्टाफ का इलाज किया जा रहा है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों की भी पहचान की जा रही है।
कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही डॉक्टरों व अन्य पैरामेडिकल कर्मचारियों में संक्रमण का खतरा भी बढ़ता जा रहा है। दिल्ली में अब तक विभिन्न अस्पतालों के 221 से ज्यादा स्वास्थ्यकर्मी क्वारंटाइन किए जा चुके हैं। इनमें आठ डॉक्टर भी शामिल हैं। गंगाराम अस्पताल के 108 कर्मचारी क्वारंटाइन किए गए हैं।
वहीं दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान में एक डॉक्टर सहित चार कर्मचारियों के कोरोना से पीड़ित होने के बाद इस अस्पताल को कुछ समय के लिए बंद करने का फैसला किया गया है। ताकि कैंसर संस्थान को सैनिटाइज किया जा सके। इसके बाद इसे दोबारा शुरू किया जाएगा। वहीं गंगाराम अस्पताल का कहना है कि क्वारंटाइन किए गए सभी डॉक्टर व कर्मचारियों की पहली जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई है। एक और जांच होनी अभी बाकी है। एहतियात के तौर पर सभी को क्वारंटाइन में रहने की सलाह दी गई है।
उधर, तब्लीगी मरकज में मौजूद लोगों को निकालने में लगे विभिन्न एजेंसियों के 700 कर्मचारियों को क्वारंटाइन किया गया है। संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। तब्लीगी मरकज से 2346 लोगों को निकाला गया था जिसमें से 500 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 1800 लोगों को क्वारंटाइन किया गया है। मरकज से निकाले गए 259 लोग अब तक कोरोना पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। इन लोगों को मरकज से निकालकर अस्पताल पहुंचाने में लगाए गए विभिन्न एजेंसियों के करीब 700 कर्मचारियों को क्वारंटाइन कर दिया गया है।