नार्थ ईस्ट दिल्ली के दंगों/हिंसा में घायल हुये दिल्ली पुलिस के शाहदरा डीसीपी अमित शर्मा की लंबे उपचार के बाद अब अस्पताल से छुट्टी हो गई है। आईपीएस अधिकारी अमित शर्मा आईपी एक्सटेंशन स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 24 फरवरी से भर्ती थे। उनको 4 मार्च को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जानकारी के मुताबिक डीसीपी अमित शर्मा मैक्स अस्पताल के सातवें फ्लोर स्थित रूम नंबर 1708 में भर्ती थे। उनका उपचार न्यूरो सर्जन डॉ. संजीव दुआ की देख रेख में चल रहा था।
सनद रहे कि 24 फरवरी को सीएए/एनआरसी/एनपीआर के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन के दौरान अचानक हिंसा/दंगे भड़क गये। इस हिंसा के बीच डीसीपी अमित शर्मा व एसीपी अनुज शर्मा समेत पूरी पुलिस फोर्स पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस दौरान डीसीपी शर्मा के सिर में बड़ा पत्थर भी लगा। वहीं उनके पैरों पर कुछ हमलावरों ने चोट पहुंचाई। सिर में चोट लगने की वजह से वह बहुत गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घायलावस्था में उनको जीटीबी अस्पताल में ले जाया गया जहां स्वास्थ्य सेवाओं की कमी के चलते रात्रि में ही मैक्स अस्पताल में शिफ्ट किया था। इस दौरान उनका बड़ा ऑपरेशन भी हुआ था।
इस बीच देखा जाए तो उनके आईसीयू में शिफ्ट होने के बाद निवर्तमान दिल्ली पुलिस कमिश्नर अमूल्य पटनायक और वर्तमान पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने भी उनसे मुलाकात की थी और उनको हालचाल जाना था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी भी अमित शर्मा से अस्पताल में मुलाकात करने पहुंचे थे। और उनके परिजनों से भी बातचीत की थी।
उधर, 24 फरवरी को अमित शर्मा के गंभीर रूप से घायल होने और उन पर व पूरे पुलिस बल पर हुये हमले से जुड़ी एक विडियो भी सामने आई है। पत्थरबाज जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल रहीं, उन पर हमला कर रहे हैं। वहीं कई लोग हवा में फायरिंग भी कर रहे थे। इस दौरान उनका बचाव कर रहे हैड कांस्टेबल रतन लाल की भी गोली लगने से मौत हो गयी थी। और डीसीपी अमित शर्मा के अलावा एसीपी गोकलपुरी अनुज शर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गये थे। इसके अलावा करीब 40 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को भी चोट आई थी।