कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने फिरोजाबाद उपद्रव में मारे जाने वाले 6 लोगों के परिजनों को पत्र लिखकर अपनी संवेदना जाहिर की हैं। वहीं पत्र में लिखा है कि अपनों का खोना क्या होता है, मैं दिल की गहराइयों से समझती हूं। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित परिजनों को ढांढस बंधाया। वहीं बीते शुक्रवार शाम यानी 3 जनवरी 2020 को कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल राष्ट्रीय प्रवक्ता राशिद अल्वी के नेतृत्व में फिरोजाबाद पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। जंहा कांग्रेस नेताओं का कार्यक्रम को पूरी तरह से गोपनीय था। ना ही पुलिस को इसकी भनक लगी ना ही कांग्रेस के जिलाध्यक्ष को।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के नेता सबसे पहले कश्मीरी गेट निवासी मृतक राशिद के घर पहुंचे। जहां राशिद के पिता कल्लू से मिलकर सांत्वना दी और इसके बाद मोहम्मदगंज के नवीजान, रसूलपुर के अरमान, रामगढ़ के मुकीम, अशरफगंज के मोहम्मद शफीक और नगला मुल्ला के हारून के परिजनों से मिले। कांग्रेस प्रवक्ता राशिद अल्वी ने सभी मृतकों के परिजनों से विस्तार से चर्चा की और पूरी स्थिति को समझा। कांग्रेस नेताओं ने सभी पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद भी दी। कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल का गुपचुप तरीके आना रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।
वहीं इस बात कि जानकारी मिली है कि कांग्रेस का प्रतिनिधि मंडल पूरी रिपोर्ट तैयार करके ले गया है। स्थानीय नेताओं के अनुसार यह रिपोर्ट पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी को सौंपी जाएगी। हो सकता है कि इस रिपोर्ट के बाद प्रियंका गांधी फिरोजाबाद आएं। इससे पूर्व प्रियंका गांधी ने पत्र के माध्यम से मृतकों के परिवारों को सांत्वना दी है। पत्र में लिखा है कि आप अपने को अकेला न समझें। हौसला न खोएं, हम सब आपके साथ हैं।