मुंबई। महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। मुंबई में भी लोग बारिश की वजह से कई परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इस बीच, राज्य के रायगढ़ में भूस्खलन की चार घटनाएं हुईं। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोगों को बचा लिया गया। 30 लोग अभी भी अंदर फंसे हुए हैं। रायगढ़ की जिला कलेक्टर निधि चौधरी ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से तलाई गांव तक जाने वाली सड़क बह गई है।
इधर, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार के लिए मुंबई को अगले तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट पर रखा है। मौसम विभाग के अनुसार यहां अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
शहर में लगातार बारिश हो रही है, जिससे कई जगहों पर जलभराव, ट्रैफिक जाम हो गया है। सांताक्रूज में आईएमडी के स्टेशन द्वारा शाम 5.30 बजे समाप्त होने वाले आठ घंटों में सिर्फ 1.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस महीने कुल बारिश 1,040 मिमी रही और यह लगातार चौथा साल है जब जुलाई में हुई बारिश ने 1000 मिमी के निशान को पार किया है। जुलाई के लिए सामान्य वर्षा लक्ष्य 827 मिमी है।
जून के बाद से, शहर में 2,002.5 मिमी बारिश हुई है, जो कि कुल मानसून टारगेट का 90 फीसदी से अधिक है।
महाराष्ट्र में भारी बारिश और नदियों में उफान आने से गुरुवार को कोंकण रेलवे मार्ग पर ट्रेन सेवाएं प्रभावित हो गई और करीब छह हजार यात्री फंस गए। भारी बारिश की वजह से मुंबई सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में रेल और सड़क यातायात प्रभावित हुआ है। इसकी वजह से अधिकारियों को बचाव कार्य में प्रशासन की मदद के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) बुलाना पड़ा है।
कोंकण रेलवे के प्रवक्ता गिरीश करंदीकर ने बताया कि इन ट्रेनों में सवार यात्री सुरक्षित हैं। तमाम परेशानियों के बावजूद कोंकण रेलवे यात्रियों को खाने-पीने का सामान मुहैया कराया जा रहा है। करंदीकर ने कहा हमने सभी फंसे हुए यात्रियों को चाय, नाश्ता और पेयजल मुहैया कराने की व्यवस्था की है। इस बीच, राज्य के कोल्हापुर जिले में भारी बारिश के चलते सड़कों के जलमग्न हो जाने पर करीब 47 गांवों का संपर्क टूट गया है और 965 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा।

Previous articleजम्मू कश्मीर में विशाल पाकिस्तानी ड्रोन को सेना ने मार गिराया -पुलिस ने 5 किलो आईईडी बरामद किया
Next articleसिद्धू की ताजपोशी में हिस्सा लेने जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, 3 लोगों की मौत, 5 दर्जन से अधिक घायल

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here