चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्‍त अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के कार्यभार ग्रहण समारोह के लिए कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ जा रही बस शुक्रवार सुबह मोगा में दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई। इस दुर्घटना में तीन लोगों के मारे जाने और 50 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। बताया जाता है कि बस के स्‍पीड में होने के कारण यह हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पंजाब के मोगा-अमृतसर रोड पर सुबह करीब 7:55 बजे दो बसों की आमने-सामने की टक्कर में दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि एक बस राज्य परिवहन विभाग की थी और एक निजी मिनी बस थी। ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता, सिविल अस्पताल मोगा के उपायुक्त संदीप हंस, डीएसपी धर्मकोट सरदार सुबेग सिंह मौके पर पहुंचे। पता चला है कि यह बस सिद्धू के कार्यभार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कार्यकर्ताओं को लेकर जा रही थी।
जिला उपायुक्त संदीप हंस ने कहा हादसा बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। गंभीर रूप से घायल दर्जनों लोगों को सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। यातायात शिक्षा प्रकोष्ठ के प्रभारी कृपाल सिंह ने कहा दुर्घटना इतनी भीषण थी कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पचास से साठ अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। केवल सिंह ने कहा कि घायलों को बाहर निकाल लिया गया है।
घायलों को इलाज के लिए मोगा के सिविल अस्पताल ले जाया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह ने इस हादसे पर दु:ख जताया है। उन्‍होंने कहा कि मोगा जिले में बस दुर्घटना के बारे में जानकारी मिलने पर दु:ख हुआ। डीसी मोगा को सभी घायलों को तुरंत पूर्ण चिकित्‍सा सुविधा उपलब्‍ध कराने और सरकार को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

Previous articleमहाराष्ट्र में बारिश का कहर, रायगढ़ में चार स्थानों पर लैंडस्लाइड, 5 लोगों की मौत, 30 लोग अब भी लापता -आईएमडी ने मुंबई के लिए अगले तीन दिन के लिए जारी किया यलो अलर्ट
Next articleपं. माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कालेज का उद्घाटन करने 30 को सिद्धार्थनगर आ सकते हैं पीएम मोदी -इस दौरान, आठ अन्य मेडिकल कॉलेजों का भी करेंगे लोकार्पण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here