मदरलैंड संवाददाता मोतीहारी
मोतीहारी: जिला मुख्यालय के छतौनी थाना के छोटा बरियारपुर में पत्नी से विवाद के बाद शराब के नशे में धुत पुलिस जवान ने अपने सरकारी पिस्टल से पत्नी पर फायरिंग कर दी। गोली पत्नी को नहीं लग कर घर के छत से टकरा कर खुद जवान के माथे में लग गयी। जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस का जवान एक न्यायिक पदाधिकारी का अंगरक्षक बताया जाता है। पुलिस ने अंगरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है तथा ईलाज के लिए उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। पुलिस जवान गया जिले के अतरी गांव का बताया जाता है। मामले में पुलिस इंस्पेक्टर मुकेश चन्द्र कुंवर ने खुद के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दिया है। इंस्पेक्टर श्री कुंवर ने बताया कि अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम के अंगरक्षक धीरज कुमार सिंह नशे में धुत था।पत्नी से विवाद के दौरान उसने अपने सरकारी पिस्टल को पत्नी निलम पर तान दिया। पत्नी निलम ने हाथ पकड़ लिया इसी दौरान गोली चल गयी जो छत में जाकर लगी और रिटर्न आकर सिपाही के सिर में जा लगी , जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर लिया है।एस पी नवीन चन्द्र झा ने बताया कि पिस्टल की जांच कराई जायेगी। फिलहाल सिपाही को निलंबित कर दिया गया है।