मुंबई। सिंगर और ‘इंडियन आइडल’ के होस्ट आदित्य नारायण ने साल 2022 के बाद हमेशा के लिये होस्टिंग छोड़ने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि वह साल 2022 के बाद होस्टिंग नहीं करेंगे। बतौर होस्ट वह साल उनका आखिरी साल होगा। रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्य नारायण अब तक करीब 12 रियलिटी शोज होस्ट कर चुके हैं और फिलहाल ‘इंडियन आइडल 12’ को होस्ट कर रहे हैं। आदित्य नारायण को लगता है कि अब वक्त आ गया है जब उन्हें बड़ी जिम्मेदारियां संभालनी चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए। आदित्य ने कहा, ‘टीवी पर बतौर होस्ट 2022 मेरा आखिरी साल होगा। मैं उसके बाद होस्टिंग नहीं करूंगा। अब कुछ बड़ा करने का वक्त आ गया है। मेरे कुछ पहले के कमिटमेंट्स हैं जो आने वाले महीनों में पूरे हो जाएंगे। मेरे इस इंडस्ट्री में अच्छे संबंध हैं तो अगर मैं अभी बीच में ही छोड़ दूंगा तो ऐसा होगा मानो मैंने किसी जहाज को बीच मझधार में ही छोड़ दिया है।’ आदित्य ने आगे कहा कि ‘मैं अगले साल टीवी से ब्रेक लूंगा। एक साथ कई चीजें करना अच्छा तो लगता है लेकिन यह बहुत थका देने वाला भी है। मैं शुक्रगुजार हूं कि 15 सालों से मैं टीवी का हिस्सा हूं और इसमें काम करके बहुत अच्छा लगा। पर अब आगे बढ़ने का वक्त आ गया है। जब मैंने टीवी पर काम शुरू किया था तो मैं बहुत छोटा था और जब अगले साल तक मैं इसे छोड़ दूंगा तो एक बाप बन जाऊंगा। टीवी इंडस्ट्री ने मुझे नाम, शोहरत और सक्सेस बहुत कुछ दिया है।’
आदित्य नारायण ने आगे कहा, ‘इसकी बदौलत मैं मुंबई में घर बना पाया। कार खरीदी और अच्छी जिंदगी जी रहा हूं। ऐसा नहीं है कि मैं टीवी पर काम करना छोड़ दूंगा, लेकिन मैं कुछ और करूंगा या तो गेम शो में हिस्सा लूंगा या फिर किसी शो को जज करूंगा। लेकिन एक होस्ट के तौर पर मेरी पारी खत्म होने वाली है। इतने साल होस्टिंग करने के बाद मैं अपने पैरों पर खड़ा हूं, पर पैरों पर खड़े होकर अभी पैर में थोड़ी प्रॉब्लम होने लगी है। अब सीट पर बैठने का टाइम आ गया है।’ आदित्य नारायण ने यह भी कहा कि वह होस्टिंग छोड़ने का अपना फैसला जल्द ही ‘इंडियन आइडल’ में भी सुना देंगे ताकि लोग उन्हें शोज होस्ट करने के लिए अप्रोच न करें।
आदित्य कहते हैं कि ‘मैं हर साल लोगों से कहता हूं कि मैं अब और होस्टिंग नहीं करना चाहता, लेकिन कुछ प्रॉडक्शन हाउस मुझे अपना मन बदलने के लिए मना ही लेते हैं। मेरे पास अभी चार और रियलिटी शोज हैं। अगर मैं अनाउंस नहीं करूंगा तो मुझे यूं ही ऑफर मिलते रहेंगे। मुझे होस्टिंग से प्यार है, पर अब मुझे कुछ बड़ा सोचना है। मैं अभी भी गाना और स्टेज पर उछल-कूद करना चाहता हूं। दुनिया भर में परफॉर्म करना चाहता हूं। मैं नहीं चाहता कि इसमें कोई रुकावट आए।’

Previous articleममता बनर्जी अगले हफ्ते प्रधानमंत्री से करेंगी मुलाकात
Next articleकोविड से मरे सरकारी सामान्य बीमाकर्मियों के परिजनों को मिलेंगी 10 लाख की अनुग्रह राशि

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here